समुद्री ऊदबिलाव - विकिपीडिया
मुक्त ज्ञानकोश विकिपीडिया से
समुद्री ऊदबिलाव Sea otter | |
---|---|
![]() | |
कैलिफ़ोर्निया के तट के पास एक समुद्री ऊदबिलाव | |
वैज्ञानिक वर्गीकरण | |
जगत: | जंतु |
संघ: | कौरडेटा |
वर्ग: | स्तनधारी |
गण: | मांसाहारी |
कुल: | मस्टेलिडाए |
उपकुल: | लूट्रिनाए |
वंश: | एन्हाइड्रा फ़्लेमिंग, 1828 |
जाति: | ई. लूट्रिस |
द्विपद नाम | |
एन्हाइड्रा लूट्रिस Enhydra lutris (लीनियस, 1758) | |
![]() | |
समुद्री ऊदबिलाव का विस्तार |
समुद्री ऊदबिलाव (अंग्रेज़ी: Sea otter, वैज्ञानिक नाम: Enhydra lutris) समुद्र में रहने वाला एक ऊदबिलाव है जो प्रशांत महासागर के उत्तरी और पूर्वी छोरों के तटों पर पाया जाता है। इस समुद्री स्तनधारी का वज़न 14 से 45 किलोग्राम के बीच होता है जो अन्य ऊदबिलाव जातियों और रासू (वीज़ल) परिवार (जिसमें ऊदबिलावों के साथ-साथ नेवले और रासू भी आते हैं) के अन्य सदस्यों से ज़्यादा है, हालांकि यह अन्य समुद्री स्तनधारियों की तुलना में कम है। ठन्डे समुद्रों में इनकी मोटी और चर्बीयुक्त खालें और घने बाल इन्हें गर्म रखते हैं। हालांकि यह ज़मीन पर चल सकते हैं फिर भी यह अपना अधिकाँश जीवन समुद्र में बिताते हैं।
सागर में यह नीचे फ़र्श तक डुबकी लगाकर जलसाही, सीप, क्रस्टेशिया और मछलियों की कुछ जातियों को पकड़कर अपना आहार बनाते हैं। शंख या सीप के अन्दर छुपने वाले जानवरों को यह अक्सर पत्थरों से तोड़कर खाते हैं, जिस वजह से यह मानवों के अतिरिक्त उन गिनती के जानवरों में हैं जो औज़ार इस्तेमाल करते हैं। किसी ज़माने में इनकी संख्या 1.5 से 3 लाख होती थी लेकिन सन् 1741-1911 काल में इनकी ख़ालों के लिए इनका खुलकर शिकार किया गया जिस से इनकी विश्वभर की आबादी केवल 1,000-2,000 रह गई। उसके बाद इनके शिकार पर अंतर्राष्ट्रीय पाबंदी लगने से इनकी संख्या फिर से कुछ बढ़ी है।